संपादकीय व सुधार नीति

सहकार लेखा ब्लॉग सहकारी समितियों के सचिव, लेखाकार, कोषाध्यक्ष और पदाधिकारियों के लिए लिखा जाता है। यह पन्ना बताता है कि हम लेख कैसे लिखते और जाँचते हैं, और ग़लती मिलने पर क्या करते हैं।

लेख कौन लिखता है

लेख सहकार लेखा टीम लिखती है। हर लेख पर लेखक का नाम और उसकी प्रोफ़ाइल का link होता है, जहाँ उनकी योग्यता और अनुभव लिखा है।

जानकारी कहाँ से लेते हैं

कानून, नियम, दरें और योजनाओं की जानकारी हम मूल स्रोत से लेने की कोशिश करते हैं, जैसे सहकारी समिति अधिनियम और नियम, सरकारी gazette, विभाग के circular और आदेश, PIB की प्रेस विज्ञप्ति, और अदालत के फ़ैसले।

जिस दावे का मूल स्रोत नहीं मिलता, उसे हम या तो हटा देते हैं, या साफ़ लिखते हैं कि वह समाचार या किसी और स्रोत पर आधारित है।

"अंतिम समीक्षा" तारीख़ का मतलब

कानून, कर या सरकारी योजना वाले किसी लेख पर "अंतिम समीक्षा" की तारीख़ तभी लिखी जाती है, जब उस दिन लेख के आँकड़े, धाराएँ और दावे मूल स्रोत खोलकर मिलाए गए हों।

जिस लेख पर यह तारीख़ नहीं है, उसकी इस तरह की पूरी जाँच अभी नहीं हुई है। उसे सामान्य जानकारी समझें। "अपडेट" तारीख़ अलग चीज़ है: वह बताती है कि लेख में आख़िरी बार कब कोई बदलाव हुआ।

राज्य के नियम अलग होते हैं

सहकारी समितियाँ राज्य के कानून से चलती हैं, और हर राज्य के नियम अलग हैं। हमारे कई लेख हरियाणा के नियमों और योजनाओं पर हैं। ऐसे लेखों पर "📍 हरियाणा" लिखा होता है। दूसरे राज्य की समिति अपने राज्य का अधिनियम, अपनी उपविधि और रजिस्ट्रार कार्यालय का निर्देश देखे।

यह सलाह नहीं, जानकारी है

ब्लॉग के लेख समझाने के लिए हैं। ये कानूनी, कर या वित्तीय सलाह नहीं हैं। नियम, दरें और योजनाएँ बदलती रहती हैं। कोई फ़ैसला लेने से पहले मूल सरकारी आदेश, अपनी उपविधि, अपने ऑडिटर/CA या रजिस्ट्रार कार्यालय से पुष्टि ज़रूर करें।

ग़लती दिखे तो बताएँ

किसी लेख में ग़लत आँकड़ा, पुराना नियम या टूटा link दिखे, तो हमें WhatsApp या ईमेल पर बताएँ (संपर्क पन्ने पर दोनों हैं)। लेख का link और ग़लती लिखें, और अगर हो सके तो सही जानकारी का स्रोत भी भेजें।

हम उस बात को मूल स्रोत से जाँचते हैं। ग़लती सही निकली, तो लेख ठीक करते हैं और उसकी "अपडेट" तारीख़ बदलते हैं। अगर कोई आँकड़ा या नियम बदला गया हो, तो लेख में उसका नोट भी देते हैं।

ग़लती बताएँ: संपर्क पन्ना · लेखक की प्रोफ़ाइल · सभी लेख